May 1, 2024

Darbhanga : तारडीह के कठरा पंचायत में डी.एम. ने किया जन-संवाद

0

Darbhanga : तारडीह के कठरा पंचायत में डी.एम. ने किया जन-संवाद

दरभंगा जिला के तारडीह प्रखण्ड के कठरा पंचायत अन्तर्गत वार्ड नम्बर – 05 के महादेव पोखर के समीप जिलाधिकारी, दरभंगा श्री राजीव रौशन की अध्यक्षता में जन-संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

तारडीह में जन संवाद में भाग लेने बड़ी संख्या में पहुंचे लोग।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विगत 10 से 15 वर्षों में किये गए विकास कार्य से लोगों को अवगत कराया।
उन्होंने कहा की विगत वर्षों में सड़क, बिजली, पानी,लोक सेवा,विधि व्यवस्था, स्वरोजगार की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुए हैं। महिला सशक्तीकरण की दिशा में पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को 50 प्रतिशत् आरक्षण, सरकारी नौकरियाँ में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण, प्रदान कर तथा जीविका द्वारा गाँव-गाँव में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें सशक्त एवं सबल बनाने का कार्य किया गया है। इसके परिणाम हैं कि यहाँ के मुखियाजी और सरपंच दोनों महिला हैं। महिला उत्थान की दिशा में सरकार मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत बेटियों को जन्म से लेकर स्नातक की पढ़ाई पूरी करने तक उनके स्वास्थ्य, शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के प्रथम चरण में सभी घरों में शौचालय बनवाकर, खुले में शौच से मुक्ति दिलाई है। इससे परिवार का सम्मान बढ़ा, अब सरकार *स्वच्छ गाँव, समृद्ध गाँव* के संकल्प के साथ गाँवों को स्वच्छ व कचरा मुक्त बनाने एवं कचरे को वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन कराने हेतु कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के अन्तर्गत भू-जल स्तर को बनाए रखने तथा धरातलीय जल स्थर में वृद्धि करने तथा भू-जल को रिचार्ज करने हेतु कुँआ, पोखर, तालाब का जीर्णोद्धार करवाने के साथ-साथ सभी कुँआ, चापाकल के समीप सोख्ता का निर्माण करवाया जा रहा है।इस अभियान के तहत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण करवाया जा रहा है, ताकि भावी पीढ़ी को स्वच्छ व शुद्ध हवा प्राप्त होता रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पोशाक योजना, साईकिल योजना, छात्रवृत्ति, मध्याह्न भोजन योजना चलाई जा रही है एवं निःशुल्क पुस्तक उपलब्ध कराया जा रहा है।
शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा चुका है। जल्द ही सभी विद्यालयों को सभी विषयों के शिक्षक उपलब्ध हो जाएगा।

                    DDC Darbhanga

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रतिभा रानी ने लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान फेज-1  एवं फेज – 2, जल-जीवन-हरियाली अभियान के कार्य के महत्व पर प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने से ही परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है और स्वास्थ्य बेहतर रहने पर ही परिवार की तरक्की हो सकती है, इसलिए कचरा प्रबंधन व्यवस्था में अपनी पूरी भागीदारी प्रदान करें।कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला पचायती राज पदाधिकारी आलोक राज ने पंचायती राज व्यवस्था के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि यह ऐसी व्यवस्था है, जिसमें पंचायत के लोग अपनी आवश्यकता की प्राथमिकता के अनुसार कार्य योजना बनाते हैं।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सुधेन्दु ने मुर्गी पालन, बकरी पालन के लिए सरकार द्वारा दी जा रही सुविधा से लोगों को अवगत कराया।
श्रम अधीक्षक राकेश रंजन ने श्रम संसाधन विभाग के अन्तर्गत विभिन्न निर्माण कार्य में लगे मजदूर को लेवर कार्ड बनवाने तथा लेवर कार्ड बन जाने के उपरान्त 16 तरह के लाभ प्राप्त होने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एक बार लेबर कार्ड बन जाने पर मजदूर तथा उसके परिवार को जीवन प्रयन्त विभिन्न सुविधा व सहायता मिलती है। मसलन औजार खरीदने के लिए 15 हजार रुपये, दो संतान के जन्म के अवसर पर सहायता राशि, साईकिल खरीदने के लिए 3,500 रूपये, बच्चों के प्रथम श्रेणी मैट्रिक पास करने पर पुरस्कार राशि, बच्चों की पढ़ाई के लिए खर्च, मजदूर की स्वभाविक एवं आकस्मिक मृत्यु के उपरान्त उनके आश्रितों को क्रमशः 01 लाख एवं 04 लाख रूपये की सहायता राशि दी जाती है।इसके अतिरिक्त अन्य भी कई लाभ दिये जाते हैं। प्रवासी मजूदरों के दुर्घटना मृत्यु के उपरान्त भी 01 लाख रूपये की सहायता राशि दी जाती है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जल निस्सरण, दरभंगा के कार्यपालक अभियंता ने बाढ़ से बचाव के लिए किये जा रहे कार्य तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण संगठन के अभियंता ने स्वच्छ जल उपलब्ध कराने के लिए की गई व्यवस्था से लोगों को अवगत कराया।सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने मुख्यमंत्री चिकित्सा राहत कोष योजना के अन्तर्गत विभिन्न असाध्य बिमारियों के लिए दी जाने वाली सुविधा, जननी बाल सुरक्षा योजना, पूर्ण टीकाकरण एवं विभिन्न चिकित्सा सुविधा की जानकारी दी।बेनीपुर के कार्यपालक अभियंता,विद्युत ने बिजली के क्षेत्र में किए गए कार्य तथा सुविधा एप के माध्यम से बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन व बिल भुगतान की सुविधा की जानकारी दी गयी।मंच संचालन करते हुए उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, विभिन्न पेंशन योजना, मद्य निषेध अभियान, सम्बल योजना एवं अन्य योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी।
कार्यक्रम में जीविका दीदी सुधा देवी, बबीता देवी, रिकू देवी एवं रेखा देवी ने जीविका समूह से जुड़ने पर उनके जीवन में आई खुशी की कहानी से लोगों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख श्रीमती श्यामा देवी, पंचायत की मुखिया श्रीमती कुमकुम झा एवं विभिन्न पंचायत जन प्रतिनिधि उपस्थित थे।इसके साथ ही प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, तारडीह, अंचलाधिकारी, तारडीह के साथ-साथ सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित थे। कार्यक्रम के उपरान्त जिलाधिकारी ने महादेव पोखर के समीप वृक्षारोपण किया।


Desk|dbn news|Tardih|21september23

Edit By : M Raja

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *