May 13, 2024

एशिया कप 2023: शाहिद अफरीदी के जिस रिकॉर्ड पर इतराते थे पाकिस्तानी, रोहित शर्मा ने चूर-चूर कर दिया

0

एशिया कप 2023: शाहिद अफरीदी के जिस रिकॉर्ड पर इतराते थे पाकिस्तानी, रोहित शर्मा ने चूर-चूर कर दिया

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा जब भी मैदान पर उतरते हैं तो कोई न कोई रिकॉर्ड अपने नाम जरूर करते हैं। अब श्रीलंका मैच को ही ले लीजिए। इस मैच में रोहित ने शाहिद अफरीदी का एक यूनिक रिकॉर्ड चूर-चूर कर दिया।

एशिया कप 2023 के लिए श्रीलंका रवाना होने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि वह 2019 वाले फॉर्म में लौटना चाहते हैं। रोहित ने पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप मैच के अलावा हर मैच में हाफ सेंचुरी जड़ी है और इस दौरान उनकी विध्वंसक फ्लो वाली बैटिंग को फैंस ने खूब एंजॉय किया है। सुपर-4 के मुकाबले में शाहीन अफरीदी को छक्का लगाकर खाता खोला तो शादाब की ऑफ स्टंप से लगभ डेढ़ फीट बाहर जाती गेंद को स्वीप की स्टाइल में खूबसूरत हवाई फायर किया। अब श्रीलंका के खिलाफ अपनी हाफ सेंचुरी वाली पारी में 2 छक्के उड़ाते हुए शाहिद अफरीदी का एक बड़ा रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया।

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ शुभमन गिल के साथ जबरदस्त शुरुआत की थी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी की। रोहित ने 7वें ओवर की 5वीं गेंद पर रजिता को छक्का लगाते हुए वनडे करियर के 10 हजार रन पूरे किए और इसके साथ वह यहां तक पहुंचने वाले दुनिया के दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बने। यही नहीं, इस बड़े रिकॉर्ड की छांव में एक ऐसा कारनामा कर गए, जिसकी चर्चा कम ही हो रही है।

दरअसल, यह उनका एशिया कप टूर्नामेंट में 27वां छक्का रहा। इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तानी विस्फोटक ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी का सबसे बड़ा रिकॉर्ड चूर-चूर कर दिया। अफरीदी के नाम एशिया कप में 26 छक्के थे, जबकि रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 4 छक्के लगाकर इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी। अब हिटमैन ने अफरीदी को पीछे छोड़ दिया। रोहित के नाम अब 28 छक्के हो गए हैं, क्योंकि उन्होंने 48 गेंदों में खेली गई 56 रनों की पारी के दौरान दूसरा छक्का पथिराना को लगाया था। यह वह रिकॉर्ड है, जिसका अक्सर टीवी चर्चाओं के दौरान पाकिस्तानी एक्सपर्ट्स चर्चा किया करते थे।

एशिया कप में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज

रोहित शर्मा (IND): 28 छक्के
शाहिद अफरीदी (PAK): 26 छक्के
सनथ जयसूर्या (SL): 23 छक्के
सुरेश रैना (IND): 18 छक्के
मोहम्मद नबी (AFG): 13 छक्के
सौरव गांगुली (IND): 13 छक्के

उल्लेखनीय है कि इस मुकाबले को भारतीय टीम ने 41 रनों से अपने नाम करते हुए फाइनल में एंट्री मार ली है। मैच में 5 विकेट झटकने वाले दिनुथ वेलालागे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *